नानपारा/रुपईडीहा। जगन्नाथपुर गांव से खर लादकर रिसिया आ रहे एक मिनी ट्रक में अचानक आग लग गई। मिनीट्रक नानपारा रुपईडीहा मार्ग पर हाड़ाबसेहरी गांव के पास पलट गया।
हालांकि ट्रक में सवार चालक के कूद जाने से वह सुरक्षित बच निकला। गांव के लोगों के सहयोग से आग को काबू किया गया।
सूचना मिलने पर एसडीएम व नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे लेकिन दमकल का वाहन एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई।
नानपारा निवासी अब्दुल खालिक की मिनीट्रक संख्या यूपी 78 एन 2959 को रिसिया के फुलवरिया गांव निवासी गुड्डू गुरुवार सुबह बुक करवाकर रुपईडीहा के जगन्नाथपुर गांव ले गया था।
वहां पर मिनीट्रक पर छप्पर तैयार करने के लिए खर लादा गया। गांव से नानपारा होते हुए खर की खेप को रिसिया ले जाने की तैयारी थी। मिनीट्रक खर लादकर गंतव्य को रवाना हुआ तो नानपारा-रुपईडीहा मार्ग पर हांड़ा बसेहरी गांव से एक किलोमीटर पहले नहर किनारे लगे खर पतवार को कुछ लोगों ने जलाया था।
उसकी चिंगारी मिनीट्रक पर लदे खर में पहुंच गई। इससे आग लग गई। आसपास के लोगों ने शोर मचाया तब चालक गुड्डू को मामले की जानकारी हुई। उसने तेज रफ्तार में मिनीट्रक को कुछ दूरी पर स्थित तालाब के पास पहुंचाने की कोशिश की लेकिन रफ्तार ज्यादा और रास्ता ठीक न होने के कारण मिनी ट्रक पलट गया।
रास्ते से गुजर रहे एसडीएम अमिताभ यादव व नायब तहसीलदार मोहम्मद जसीम वाहन जलता देख रुक गए। गांव के लोग भी इकट्ठा हो गए। फायर ब्रिगेड को सूचना दी लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही आसपास के लोगों ने आग बुझानी शुरू कर दी। एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने से मिनीट्रक जलकर राख हो गया।