अमेठी। कॉलेज से वापस घर जा रही साइकिल सवार छात्रा को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। दुर्घटना में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक लेकर भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने दबोच लिया। सूचना पर पहुंची मुंशीगंज पुलिस ने चालक व ट्रक को कब्जे में ले लिया।
थाना क्षेत्र धम्मौर के गांव रामपाटी निवासी जगदीश की पुत्री शिवानी अमेठी के रानी सुषमा देवी महिला महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। बुधवार को वह साइकिल से कॉलेज से वापस घर जा रही थी। वह मुंशीगंज थाना क्षेत्र के गांव बंदोइया के पास पहुंची ही थी कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। दुर्घटना में शिवानी की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद चालक ट्रक समेत धम्मौर की ओर भाग निकाला। ग्रामीणों ने उसे दौड़ाकर श्री का पुरवा के पास दबोच लिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची मुंशीगंज पुलिस ने चालक व ट्रक को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ प्रहलाद सिंह ने केस दर्ज करने तथा चालक व ट्रक को अपने कब्जे में लेने की पुष्टि की है।