धम्मौर के मूसेपुर लाखीपुर गांव में बुधवार शाम ट्रांसफार्मर में लगी आग के बाद हुए विस्फोट की चपेट में आकर छह बच्चों समेत नौ लोग झुलस गए। झुलसे लोगों को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार बच्चों समेत पांच लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। हादसे के बाद जिला अस्पताल में अफरातफरी मची रही। पीड़ितों के परिवारीजन रोते-बिलखते रहे।
धम्मौर क्षेत्र के मूसेपुर लाखीपुर गांव में स्थित ट्रांसफार्मर के पास बुधवार की शाम बच्चे खेल रहे थे तभी अचानक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। आग लगने के बाद खेल रहे बच्चे ट्रांसफार्मर को कौतूहलवश देखने लगे। इसी बीच अचानक तेज धमाके के साथ ट्रांसफार्मर दग गया। विस्फोट से ट्रांसफार्मर का खौलता हुआ तेल थोड़ी दूर खड़े बच्चों व अन्य लोगों के शरीर पर जा गिरा।
आग के साथ गिरे खौलते तेल से बिब्बो (16) पुत्री सरताज अली, पूजा (8) पुत्री विनोद, शहर बानो (4) पुत्री इसरार अली व पुत्र समीर (3), सरताज अली (45), मंगीता (16) पुत्री रामदेव, विकास (10) पुत्र विनोद प्रजापति, सुमित (10) पुत्र रणजीत, साहिल (10) पुत्र अकबर निवासीगण मूसेपुर लाखीपुर बुरी तरह झुलस गए। देखते ही देखते पूरे गांव में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। झुलसे लोगों के पीछे पीड़ितों के परिवारीजन और सैकड़ा भर ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए।
जिला अस्पताल से बिब्बो, शहरबानो, समीर, विकास, साहिल की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। इस बीच बच्चों के परिवारीजन बदहवास इधर-उधर भागते रहे। चिकित्सकों के मुताबिक विकास और साहिल की हालत चिंताजनक है।