लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित चांदा कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर बेखौफ बाइक सवार तीन युवकों ने घर लौट रहे पिकअप सवार तेल के थोक व्यवसायी से रुपयों से भरा बैग लूटने में असफल होने पर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर घटना स्थल के पास मौजूद ग्रामीण महिलाओं ने लुटेरों को दौड़ा लिया तो वे तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। गंभीर हालत में व्यवसायी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
जौनपुर जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र के सब्जी मंडी निवासी व्यवसायी विजय कुमार साहू (55) तिल के तेल का थोक का कारोबार करते हैं। सोमवार को वे पिकअप पर तेल लादकर चालक संतोष निवासी गौरा बादशाहपुर जौनपुर के साथ फैजाबाद बाजार करने गए थे। फैजाबाद में तेल बेचने के बाद तगादा भी किया था। दोपहर बाद करीब ढाई बजे फैजाबाद-इलाहाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ओदरा गांव के समीप एक ढाबे पर विजय साहू और पिकअप के चालक संतोष ने रुककर खाना खाया। खाना खाने के बाद दोनों पिकअप से घर के लिए निकले थे।
रास्ते में चांदा कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर पिकअप पहुंची थी कि एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने वाहन को ओवरटेक करके रोक लिया। वाहन रुकते ही बदमाश आगे की सीट पर बैठे विजय साहू से रुपयों से भरा बैग छीनने लगे। विजय ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके बाएं हाथ के ठीक नीचे सीने में गोली मार दी। ग्रामीणों ने खुद ही एक बोलेरो जीप में व्यवसायी को लिटाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना के बाद चांदा कोतवाल रमेश चंद्र सिंह, नगर कोतवाल वीपी सिंह जिला अस्पताल पहुंच गए। घटना के बाबत पीड़ित व्यवसायी से पूछताछ की। चांदा कोतवाल ने बताया कि उन्हें अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।