एसपी कार्यालय गेट पर स्थित इलाहाबाद बैंक की शाखा से शुक्रवार देर शाम टप्पेबाजों ने युवक के 49 हजार रुपये उड़ा दिए। जानकारी होने के बाद युवक बैंक में हंगामा काटने लगा तो बैंक कर्मचारियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बैंकों में नोट बदलवाने को उमड़ रही भीड़ केे बीच इन दिनों टप्पेबाज भी सक्रिय हो गए हैं। शुक्रवार देर शाम इलाहाबाद बैंक की शाखा में नोट बदलवाने पहुंचे गौरीगंज थाने के पूरे पासिन मजरे माधवपुर निवासी जितेंद्र कुमार को भी टप्पेबाजों ने निशाना बना लिया।
जितेंद्र से बातचीत के दौरान टप्पेबाज उसकी जेब में मौजूद 49 हजार निकाल कर मौके से फरार हो गए। नंबर आने के बाद जब जितेंद्र काउंटर पर पहुंचा तो जेब से रुपया गायब देख हंगामा करने लगा। जितेंद्र के हंगामे के बीच बैंक कर्मचारियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना के बाद बैंक पहुुंची पुलिस ने जितेंद्र की तहरीर पर दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। निरीक्षक आरपी शाही ने केस दर्ज करने की पुष्टि करते हुए बताया कि बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही टप्पेेबाजों की तलाश की जा रही है।