कोतवाली नगर से चंद कदम की दूर दिनदहाड़े छह युवकों ने इलाहाबाद बैंक में घुसकर एक लाख 40 हजार रुपये उड़ा दिए। बैंक के कैशियर को बचाने के लिए बैंक कर्मियों ने घटना की प्राथमिकी दर्ज कराना भी मुनासिब नहीं समझा। घटना को अंजाम देने वाले सभी छह युवक बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं।
कोतवाली नगर क्षेत्र के रोडवेज के ठीक सामने स्थित इलाहाबाद बैंक की मुख्य शाखा में गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे जैसे ही बैंक खुली तभी 15 से 20 लोग बैंक में अपना रुपया जमा करने पहुंचे थे। बैंक के कैश काउंटर संख्या एक पर वाईपी तिवारी चार्ज पर थे और लोगों का रुपया जमा कर रहे थे। इस दौरान छह युवक बैंक में दाखिल हो गए। बैंक में घुसे छह युवक कैश काउंटर संख्या एक के पास खड़े हो गए।पांच युवक बैंक के दो अन्य काउंटरों पर नजर रखे हुए थे। 10 बजकर 25 मिनट पर कैश काउंटर पर ड्यूटी में तैनात कैशियर वाईपी तिवारी किसी काम से उठकर केबिन से बाहर निकल गए जबकि रुपयों से भरा उनका बक्सा केबिन में ही रखा था। इस बीच छह युवकों में एक युवक ने कैश काउंटर से होते हुए गैलरी पार किया और पीछे से होता हुआ कैश काउंटर संख्या एक में दाखिल हो गया।
युवक ने बक्से में रखा एक लाख 40 हजार रुपये निकाल लिया। थोड़ी देर बाद जब कैशियर वाईपी तिवारी केबिन में पहुंचे तो उन्हें बक्से से एक लाख 40 हजार रुपये निकल जाने की जानकारी हुई। कैशियर ने मुख्य शाखा प्रबंधक पवन सूद को घटना की जानकारी देते हुए घटना किसी को न बताने को कहा। बैंक मैनेजर ने वाईपी तिवारी की बात मान ली। यही नहीं बैंक के कैशियर वाईपी तिवारी और अन्य बैंक कर्मियों ने बैंक से गया एक लाख 40 हजार रुपये भील् चंदा लगाकर जमा कर दिया। घटना को 31 घंटे बीत जाने के बाद भीछ इलाहाबाद बैंक के सभी कर्मचारियों ने चुप्पी साध रखी है।