फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन दुकानों से सात लाख की चोरी, नाराज व्यापारियों ने किया प्रदर्शन

Thu, 17 Dec 2015 10:29 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
लंभुआ कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर बुधवार की रात चोरों ने तीन दुकानों के शटर का ताला तोड़कर करीब साढ़े सात लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना से नाराज व्यापारियों ने बृहस्पतिवार की सुबह प्रदर्शन कर ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों ने एसडीएम को एक ज्ञापन देकर घटना के जल्द खुलासे की मांग की है।
विज्ञापन



लंभुआ कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर सर्वोदय रोड पर कस्बा निवासी विनोद कुमार अग्रहरि की बाबा किराना स्टोर नाम से थोक एवं फुटकर सामान की दुकान है। बुधवार की रात चोर सामने का शटर तोड़ कर भीतर घुस गए। चोरों ने दुकान के काउंटर में बने सेफ को भी तोड़ दिया। चोर गल्ले में रखा साढ़े तीन लाख रूपये नकद समेट ले गए। साथ ही दुकान में मौजूद सामान शैंपू, तेल, मेवे आदि भी उठा ले गए। इसकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। दूसरी घटना हाईवे के किनारे मैहर ऑटोमोबाइल एजेंसी में हुई।

 चोर कस्बा निवासी हरि शंकर तिवारी की इस एजेंसी में पीछे का दरवाजा तोड़ कर भीतर घुस गए। चोरों ने गल्ले में रखी 31 हजार की नकदी उड़ा दी। इसके बाद चोर कस्बे में स्थित श्रीराम दरबार मंदिर के सामने स्थित अखिलेश सोनी की सराफा दुकान पर पहुंचे। इस दुकान का शटर तोड़ कर चोरों ने भीतर रखी तिजोरी खोलने का प्रयास किया। सफलता न मिलने पर चोर तिजोरी ही उठा ले गए। चोरों ने कुछ दूर स्थित खेत में ले जाकर तिजोरी को तोड़ दिया और उसमें रखे करीब ढाई लाख कीमत के जेवरात उठा ले गए। बृहस्पतिवार की सुबह जब घटना की जानकारी लोगों को हुई तो मौके पर व्यापारी एकत्र हो गए। लोगों की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
विज्ञापन


 घटना स्थल की फोरेंसिक टीम ने भी निरीक्षण किया है। कस्बे में ताबड़तोड़ वारदातों से स्थानीय व्यापारियों में गुस्सा व्याप्त है। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रवींद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में व्यापारियों ने प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी दिनेश कुमार गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चोरी के खुलासे, ड्यूटी पर मौजूद पुलिस कर्मियों के खिलाफ  कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में व्यापारी जयशंकर त्रिपाठी, दिनेश कुमार  चौहान, शारदा प्रसाद, कमल कुमार, अशोक कसौंधन, संतोष अग्रहरि, राहुल  गुप्ता, सूरज समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें