कादीपुर के निरालानगर मोहल्ले में स्कूल वाहन लेकर जा रहे शिक्षक की बुधवार सुबह दरोगा ने पिटाई कर दी। शिक्षक की पिटाई से नाराज अध्यापकों, अभिभावकों व अन्य लोगों ने कोतवाली को घेर लिया। घंटे भर तक कोतवाली में चले बवाल के बाद पुलिस ने आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद हंगामा शांत हुआ।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के सराय कल्याण गांव निवासी सुरेश तिवारी (32) कादीपुर कस्बे में स्थित सरस्वती शिशु मंदिर झारखंड में शिक्षक हैं। बुधवार को स्कूल से संबद्ध वाहन के चालक के नहीं आने पर शिक्षक सुरेश तिवारी वाहन को लेकर निराला नगर मोहल्ले में बच्चों को लेने गए थे। निरालानगर में ही कादीपुर कोतवाली में तैनात दरोगा एके सिंह किराए के मकान में रहते हैं। आरोप है कि मकान के सामने गाड़ी खड़ी करने से नाराज दरोगा एके सिंह ने शिक्षक सुरेश तिवारी से गाली-गलौज करते हुए उनकी पिटाई कर दी। आरोपी दरोगा ने शिक्षक को धमकाते हुए दोबारा मोहल्ले में नहीं आने को कहा। शिक्षक बच्चों को लेकर स्कूल पहुंचे और घटना की जानकारी प्रधानाचार्य वेदप्रकाश शुक्ल व अन्य शिक्षकों को दी। इसी बीच आरोपी दरोगा एके सिंह ने प्रधानाचार्य वेदप्रकाश शुक्ल को फोन करके धमकाया और कोतवाली आने को कहा। विद्यालय में इस पर विचार-विमर्श चल ही रहा था कि कोतवाली के चार सिपाही दो बाइक से स्कूल पहुंच गए। सिपाही मुख्य गेट को खुलवाकर स्कूल के अंदर घुुस गए। आरोप है कि सिपाहियों ने भी शिक्षकों व अन्य स्टाफ को गालियां देते हुए धमकाया। उधर, इस बात की चर्चा आम होते ही लोगों में रोष फैल गया। आक्रोशित अध्यापक, अभिभावक व अन्य लोग कोतवाली पहुंच गए। लोग आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग को लेकर कोतवाली में धरने पर बैठ गए। लोगों के धरने पर बैठने की जानकारी पाकर एसडीएम रामअभिलाष कोतवाली पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। धरने पर बैठे शिक्षक व अन्य लोग दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। प्रभारी कोतवाल अनिल सोनकर ने आरोपी दरोगा एके सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का आश्वासन दिया। तब जाकर दोपहर दो बजे से शुरू हुआ धरना तीन बजे समाप्त हुआ। धरने में सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य वेदप्रकाश शुक्ल, सरस्वती इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बांकेबिहारी पांडेय, दिनेेश सिंह, रामसकल शुक्ल, आनंद दुबे, भाजयुमो जिलाध्यक्ष आशुतोष सिंह, मोहित, सर्वेश सिंह, घनश्याम चौहान, विनोद सोनी, छेदी सिंह समेत कई शिक्षक, अभिभावक व स्थानीय लोग शामिल रहे।
प्रभारी कोतवाल अनिल सोनकर ने बताया कि पीड़ित शिक्षक की तहरीर पर आरोपी दरोगा एके सिंह के खिलाफ मारपीट, गालीगलौज व धमकाने की धारा में केस दर्ज किया गया है। आरोपी दरोगा का कोतवाली से ट्रांसफर भी कर दिया गया है।