परिवहन निगम की आजमगढ़ डिपो की नॉन स्टॉप बस पर बैठाने से मना करने पर उपद्रवी छात्रों ने चालक की पिटाई कर दी। छात्रों ने चालक को बेल्ट और लात-घूसों से जमकर पीटा। बस पर पत्थरबाजी कर शीशे तोड़ डाले। एआरएम के आदेश पर चालक दूसरी बस पर यात्रियों को शिफ्ट कर बस को वापस आजमगढ़ लेकर चला गया। पुलिस ने चालक की तहरीर पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
परिवहन निगम की आजमगढ़ डिपो की नॉन स्टॉप बस संख्या यूपी 30 एटी 1865 को चालक राम प्रकाश पांडेय पुत्र जगन्नाथ पांडेय निवासी खुजिया मुबारकपुर और परिचालक राम विनय यादव पुत्र राम जतन निवासी बूढनपुर जिला आजमगढ़ बुधवार की सुबह निकले थे। बस कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के बरुवारीपुर के पास पहुंची थी तभी कुछ छात्रों ने बस को रोकवा लिया। चालक ने छात्रों को बताया कि बस नॉन स्टाप सेवा की है तभी एक बाइक पर सवार तीन छात्र भी वहां पहुंच गए और चालक को बेल्ट व लात घूसों से पीटना शुरू कर दिया। छात्रों ने बस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी जिससे उसका शीशा टूट गया।
अचानक हुई घटना से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कई यात्री बस से नीचे उतरकर दूर जा खड़े हुए। हमलावरों के जाने के बाद चालक बस में सवार यात्रियों को लेकर मोतिगरपुर थाने पहुंचा और पुलिस को आपबीती सुनाई। चालक ने घटना से आजमगढ़ जिले के एआरएम को अवगत कराया। एआरएम के आदेश पर चालक व परिचालक ने सभी यात्रियों को दूसरी बस पर बैठाकर गंतव्य के लिए रवाना किया। चालक की तहरीर पर कादीपुर कोतवाली में तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।