तहसील में बैठकर काम कर रहे एक लेखपाल की दबंगों ने पिटाई कर दी। उसे जान से मारने की धमकी देते हुए सरकारी कागजात फाड़ डाले। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। जयसिंहपुर तहसील में राजस्व निरीक्षक के कमरे में शुक्रवार दोपहर शाहपुर लपटा गांव के लेखपाल अनिल पांडेय काम निपटना रहे थे।
तभी बृज मोहन पांडेय निवासी मोतिगरपुर और राज नारायण तिवारी निवासी कोल्हुआमऊ वहां पहुंच गए। बृज मोहन पांडेय ने लेखपाल अनिल पांडेय से मोतिगरपुर पटखौली की खतौनी देखने के लिए मांगा। लेखपाल ने बृजमोहन को थोड़ी देर बाद आने को कहा तो इससे नाराज बृज मोहन और राज नारायण तिवारी लेखपाल अनिल पर टूट पड़े।
कमरे में ही लेखपाल को जमकर पीटा। लेखपाल ने विरोध किया तो दोनों ने उसे जान से मार डालने की धमकी देते हुए कागजात फाड़ डाले। चीख-पुकार के बाद अन्य लेखपाल वहां पहुंचे तो दोनों आरोपी फरार हो गए। पीड़ित लेखपाल ने मामले की सूचना तहसीलदार को दी।
तहसीलदार ने तत्काल फोन से जयसिंहपुर कोतवाल तारा चंद्र पटेल को मामले से अवगत कराया। ताराचंद्र पटेल ने बताया कि पीड़ित लेखपाल की तहरीर पर बृज मोहन पांडेय व राज नारायण तिवारी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, लेखपाल संघ ने इस मसले पर कड़ा रुख अख्तियार किया है।