पैगंबर हजरत अली के जन्मदिन पर मंगलवार शाम शहर में निकाले गए जुलूस के दौरान डीजे पर चलाए गए भाषण ने तूल पकड़ लिया। मामले में पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने से नाराज दूसरे समुदाय के लोग बुधवार को अपनी दुकानें बंद कर सड़क पर उतर आए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने डीजे संचालक समेत 10 नामजद व सैकड़ों अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। तनाव के मद्देनजर शहर में बड़ी संख्या में फोर्स तैनात है। जिला स्तरीय अधिकारी कैंप कर रहे हैं।
पैगंबर मो. हजरत अली के जन्मदिन पर प्रशासन से अनुमति लेकर मंगलवार शाम अमेठी शहर में लोगों ने जुलूस निकाला था। देवीपाटन से निकले जुलूस को गंगागंज में समाप्त होना था। हालांकि जुलूस में शामिल लोग तय मार्ग से गंगागंज जाने के बजाय संवेदनशील रास्ते से जुलूस को लेकर दोबारा गांधी चौक चले आए। यहां डीजे पर तेज आवाज में आपत्तिजनक भाषण की सीडी बजाई जाने लगी। दूसरे समुदाय के लोगों ने इसका विरोध किया तो पुलिस ने हल्का प्रयोग कर उन्हें मौके से खदेड़ दिया।
इस मामले ने बुधवार को फिर तूल पकड़ लिया। आपत्तिजनक भाषण व तय के बजाय दूसरे मार्ग पर जुलूस निकालने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने के विरोध में दूसरे समुदाय के लोग सड़क पर उतर आए। नाराज लोगों ने बाजार बंद कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। इस पर प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ एसडीएम वेदप्रकाश मिश्र व सीओ जीडी मिश्रा तथा एडीएम एसएन यादव और एएसपी राहुल राज मौके पर पहुंचे।
अल्तमश, रेहान, जाहिद, रिजवान, शहबाज, आफताब, आरिफ, वारिस, मोईन हाशमी के साथ दीप डीजे संचालक राकेश अग्रहरि के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काकर उन्माद फैलाने की साजिश रचने का केस दर्ज किया गया। पुलिस ने जाहिद, रिजवान व राकेश अग्रहरि को गिरफ्तार कर उनका चालान न्यायालय भेज दिया। एसपी अनीस अहमद अंसारी ने तनाव की बात से इंकार किया।