शिक्षामित्रों का शहर के तिकोनिया पार्क में चल रहा धरना शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। शिक्षामित्रों ने प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। कलेक्ट्रेट के सामने पीएम का पुतला फूंक विरोध जाहिर किया।
संयुक्त शिक्षामित्र संघर्ष मोर्चा के बैनर तले जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्रा व बृजेश पांडेय के नेतृत्व में शिक्षामित्रों का चल रहा धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। शिक्षामित्रों ने अपनी आवाज उठाते हुए प्रदेश सरकारी की नीतियों की वादाखिलाफी की निंदा की। सरकार विरोधी नारे भी लगाए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार अपने वादे को भूल रही है। 40 हजार पाने वाले शिक्षामित्रों को 10 हजार रुपये मानदेय देने की बात कर रही है।
ऐसी सरकार से शिक्षामित्रों का भरोसा उठ गया है। कहा कि अब आंदोलन बड़ा रूप ले चुका है। बृजेश पांडेय ने कहा कि शिक्षामित्र अपनी एकता को बनाए रखें। महामंत्री प्रदीप यादव ने कहा कि शिक्षामित्र अपनी ताकत को पहचानें, सफलता जरूर मिलेगी। सभा के बाद जुलूस की शक्ल में शिक्षामित्र कलेक्ट्रेट गेट पहुंचे और प्रधानमंत्री का पुतला फूंक नारेबाजी की। इस मौके पर केसी मिश्रा, पवन कुमार, भारत यादव, राम प्रसाद मिश्र, केके उपाध्याय, लक्ष्मण सिंह, हरिओम, जगध्यान यादव, बाल गोविंद समेत सैकड़ों शिक्षामित्र मौजूद रहे।