सुप्रीम कोर्ट द्वारा समायोजन निरस्त करने संबंधी आदेश से आहत शिक्षामित्रों का विरोध प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक शहर में डटे शिक्षामित्रों ने पैदल मार्च निकाला और कई जगह रोड जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के उपरांत शिक्षामित्रों ने पीएम व सीएम को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा। उच्चतम न्यायालय द्वारा शिक्षामित्रों का समायोजन निरस्त करने के बाद बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा तिकोनिया पार्क में लगा रहा।
बड़ी संख्या में पहुंचे शिक्षामित्रों के हुजूम को संबोधित करते हुए आदर्श समायोजित वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि सहायक अध्यापक पद से नीचे कोई समझौता नहीं होगा। जरूरत पड़ी तो लखनऊ से लेकर दिल्ली तक प्रदर्शन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष दिनेश चंद्रा ने कहा कि प्रदर्शन प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर लगातार चल रहा है। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय ने कहा कि स्थायी समाधान होने पर संघर्ष अनवरत जारी रहेगा। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र पांडेय व मंत्री दिनेश उपाध्याय ने भी धरना प्रदर्शन को संबोधित किया।
प्रदर्शन के उपरांत शिक्षामित्रों ने बीएसए कार्यालय, डाकखाना चौराहा, जीएन रोड, बस स्टेशन होते हुए तिकोनिया पार्क तक पैदल मार्च निकाला। मार्च के दौरान शिक्षामित्रों ने बस स्टेशन व विकास भवन के सामने मार्ग जाम किया। इस मौके पर संपूर्णानंद पांडेय, प्रदीप यादव, अर्धेन्दु सिंह, पवन कुमार, शैलेंद्र सिंह, सुतीक्षण तिवारी, अखिलेश तिवारी, बाल गोविंद मौर्य समेत बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे। शिक्षा मित्रों के बृहस्पतिवार को दूसरे दिन हुए प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट से डाकखाना चौराहा, लाल डिग्गी चौराहा व तिकोनिया पार्क से दीवानी चौराहा रोड पर जाम की स्थिति बनी रही।