फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

संदिग्ध हालात में निशक्त शिक्षामित्र ने दी जान 

Thu, 27 Jul 2017 10:06 PM IST
Amarujala Bureau
विज्ञापन
परिवार में कोहराम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
सहायक अध्यापक पर हुए शिक्षामित्रों का समायोजन रद होने के एक दिन बाद एक निशक्त शिक्षा मित्र ने सल्फास खाकर अहूरी ड्रेन में छलांग लगा दी। बृहस्पतिवार की सुबह गांव के समीप शिक्षामित्र की ट्राई साइकिल पाए जाने के बाद ड्रेन में उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिया से करीब तीन सौ मीटर दूर शिक्षामित्र का शव पाया गया। परिवारीजनों ने महेश का लिखा सुसाइड नोट डीएम को सौंपा है। सुसाइड नोट में उसने खुदकुशी के लिए अपनी किस्मत को दोषी माना है।        
विज्ञापन


     
जामों थाना क्षेत्र के हरदासपुर गांव निवासी निशक्त महेश (32) पुत्र रामदयाल ने 2001 में पूरे सुभाऊ कटारी में शिक्षा मित्र के पद पर नियुक्ति पाई थी। चार अगस्त 2014 को शिक्षा मित्रों का सहायक अध्यापक पर समायोजन होने के बाद वह हरदासपुर गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात हो गया था। परिवारीजनों की मानें तो 25 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट की ओर से शिक्षामित्रों का समायोजन रद किए जाने का फैसला आने के बाद वह काफी दुखी था। वह 26 जुलाई की देर शाम अपनी ट्राई साइकिल पर बैठकर घर से निकला था। देर रात तक जब महेश घर नहीं लौटा तो परिवारीजन इधर-उधर तलाश करने के बाद सो गए।

बृहस्पतिवार की सुबह गांव के समीप से गुजरी अहूरी ड्रेन की पुलिया पर महेश की ट्राई साइकिल देखी गई। इस बीच घर वालों को महेश के कमरे में एक सुसाइड नोट मिला, जिसे पढ़कर परिवारीजन सन्न रह गए। परिवारीजन इसकी सूचना पुलिस को देते हुए अहूरी ड्रेन के पास पहुंच गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने ड्रेन में महेश की तलाश के लिए ग्रामीण और गोताखोर उतारे। करीब एक घंटे बाद ड्रेन से महेश का शव बरामद कर लिया गया। घटना की सूचना के बाद पहुंचे एसडीएम मोतीलाल व सीओ रवींद्र बहादुर सिंह ने भी घटना स्थल की जांच की। एसडीएम ने बताया कि जो सुसाइड नोट मिला है उसमें डीएम को संबोधित करते हुए लिखा गया है कि वह अपनी किस्मत से परेशान होकर सल्फास खाकर आत्महत्या कर रहा है। उसकी पूरी चल-अचल संपत्ति उसके छोटे भाई राकेश कुमार को दे दी जाए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।  
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें