एसपी के आदेश पर टिकरिया तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रही पुलिस टीम को देखकर भाग रहे बाइक सवारों को सिपाहियों ने दौड़ा कर पकड़ा तो वे शातिर वाहन चोर निकले। पूछताछ में दोनों ने बाइक चोरी की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान न्यायालय भेज दिया।
वाहन चोरी से परेशान एसपी हीरालाल ने शुक्रवार को सभी एसओ को अपने क्षेत्रों में वाहन चेकिंग करने का आदेश दिया था। एसपी के आदेश पर गौरीगंज उप निरीक्षक एसबी सिंह सिपाहियों के साथ टिकरिया तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी अमेठी की तरफ से आ रहे दो बाइक सवार भागने लगे।
बाइक सवारों को भागता देख पुलिस कर्मियों ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान संग्रामपुर थाने के करनाईपुर गांव निवासी विजय वर्मा व प्रदीप कुमार के रूप में हुई। दोनों ने बताया कि ये मोटरसाइकिलें सुल्तानपुर नगर कोतवाली क्षेत्र से चोरी की गई हैं। वे उसे बेचने जा रहे थे।