बम फूटने के बाद कमरे में टूटा पड़ा सामान दिखाती महिला आरती देवी।
- फोटो : अमर उजाला
शोभा सिंह का पुरवा के एक घर में अज्ञात लोगों ने देशी बम फेंक दिया। बम फटते ही अंदर सो रहे दंपति और दो बच्चे चिल्ला पड़े। बम और चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए लेकिन कोई बम फेंकने वाले को नहीं देख पाया। भागने के पहले आरोपी ने धमकी भरा पत्र घर की दीवार पर चस्पा कर दिया। भयभीत गृहस्वामी ने कोतवाली में तहरीर देकर अपने सगे भाई पर ही शक जताया है।
इलाहाबाद रोड़ स्थित शोभा सिंह का पुरवा निवासी श्यामबाबू पुत्र शिरोमन श्रीवास ने बताया कि प्रतिदिन की तरह शुक्रवार की रात पत्नी आरती व दो पुत्रियों के साथ खाना खाने के बाद वह लोग सो गए। देर रात को अचानक खिड़की में बम फेंका गया।
बम फटते ही आंशिक खिड़की और गृहस्थी का सामान टूटकर बिखर गया। दंपति व बच्चे दूसरे छोर पर सो रहे थे, जिससे उनको नुकसान नहीं हुआ। विस्फोट की आवाज सुनते ही वह चिल्लाए और बाहर की ओर आए, तो आरोपी गाली देता हुआ भाग निकला। उसने दरवाजे पर गाली और जान से मारने की धमकी लिखा पत्र चस्पा कर दिया।
बम की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर कोतवाल रनवीर सिंह मय फोर्स पहुंचे। पुलिस टीम ने पत्र को अपने कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ की। सभी ने बताया कि आरोपी को भागते किसी ने नहीं देखा। शनिवार की सुबह भयभीत गृहस्वामी श्यामबाबू ने कोतवाली में तहरीर दी। जिसमें अपने सगे भाई पड़ोसी रामबाबू पर शक जताया है। कोतवाल ने बताया कि रिपोर्ट तो दर्ज की गई है, लेकिन अभी अज्ञात में है। उसके भाई की भूमिका होने की जांच की जाएगी।