लंभुआ (सुल्तानपुर)। चौथे चरण के चुनाव में ब्लॉक के गरएं गांव में एक प्रधान पद प्रत्याशी के प्रतिनिधि की ओर से वोटरों को अपने पाले में करने के लिए बांटी जा रही साड़ी पुलिस ने पकड़ी है। पुलिस ने गांव से साड़ी का पूरा सेट बरामद किया है। इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए पुलिस ने प्रधान प्रत्याशी व उनके प्रतिनिधि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लंभुआ ब्लॉक के गरएं ग्राम पंचायत में चौथे चरण के चुनाव में एक प्रधान पद प्रत्याशी के प्रतिनिधि द्वारा वोटरों को अपने पाले में करने के लिए उन्हें साड़ी का पूरा सेट बांटे जाने की सूचना मिली। सूचना पर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हरिशंकर तिवारी ने मय फोर्स गांव में छापा मारा। पुलिस के छापे की सूचना मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गांव से 24 साड़ी का पूरा सेट बरामद किया है।
पुलिस ने प्रकरण में प्रधान पद प्रत्याशी अनुपमा सिंह व उनके प्रतिनिधि अशोक सिंह के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रधान पद प्रत्याशी के प्रतिनिधि अशोक सिंह द्वारा वोटरों को रिझाने के लिए साड़ी वितरित की जा रही थी। बुधवार को गांव में पंचायत चुनाव है।