जनसेवा केंद्र संचालक की सोमवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की सूचना पाते ही एएसपी, सीओ ने पुलिस टीम के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। घटना के पीछे रंजिश बताई जा रही है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के लबदेहा गांव निवासी रामजीत यादव (28) पुत्र राम कृपाल बरौंसा बाजार में जनसेवा केंद्र चलाता था। बीते सोमवार की रात करीव 10 बजे रामजीत यादव जनसेवा केंद्र बंद करके बाइक से घर लौट रहा था। वह लबदेहा गांव के बाहर पहुंचा था कि पहले से घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उसे रोककर गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर गांव के लोग वहां पहुंचे तो रामजीत लहूलुहान हालत में पड़ा था।
परिवारीजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया। परिवारीजन रामजीत को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की हत्या की सूचना पाते ही एएसपी सूर्यकांत त्रिपाठी, सीओ जयसिंहपुर धर्मेंद्र सचान गांव पहुंच गए। एएसपी ने घटना के बाबत पीड़ित परिवार से जानकारी ली। जयसिंहपुर कोतवाल राम प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर लबदेहा गांव के ही रमाशंकर गौड़, गणेश तिवारी, सीताराम और गोली उर्फ रामचेत के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।