परतोष गांव के बाहर जंगल में झोपड़ी बनाकर रह रहे एक बुजुर्ग का मंगलवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में शव पाया गया। सुबह पहुंचे बेटे को पिता मृत हालत में मिला। सूचना के बाद फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीण बुजुर्ग की हत्या की आशंका जता रहे हैं।
धम्मौर थाना क्षेत्र के परतोष गांव निवासी नरेंद्र कुमार शर्मा उर्फ कल्लू (65) गांव के बाहर स्थित जंगल में खुद की जमीन पर झोपड़ी बनाकर रहते थे जबकि उनका 12 वर्षीय बेटा अंबुज गांव में ही अपनी चाची के साथ रहता है। मंगलवार की सुबह अंबुज स्कूल जाने के लिए तैयार हुआ। उसके बाद जंगल में पिता के पास रुपये मांगने पहुंचा। वहां का नजारा देख वह सन्न रह गया। उसके पिता झोपड़ी के पास ही मृत हालत में पड़े थे।
शरीर पर जख्म के निशान थे। अंबुज चिल्लाते हुए भागकर घर पहुंचा और पूरी बात परिवारीजनों को बताई। थानाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह की मानें तो देखने से प्रतीत हो रहा है कि नरेंद्र पर किसी आवारा पशु ने हमला किया।
एक भाई की भी हो चुकी संदिग्ध हालात में मौत
परतोष। परतोष गांव निवासी नरेंद्र कुमार शर्मा तीन भाई थे। भाइयों में नरेंद्र सबसे बड़ा था, जबकि मझले भाई रामबाबू का 10 वर्ष पूर्व पीपरपुर थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में शव पाया गया था। सबसे छोटा भाई राकेश शर्मा है।