अमर उजाला ब्यूरो
धर्मपुर (मंडी)। जिले में चोरियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। उपमंडल धर्मपुर मुख्यालय पर बसस्टैंड के नजदीक एक मोबाइल की दुकान में सोमवार रात को शातिरों ने हाथ साफ किए हैं। शातिरों ने दुकान से डेढ़ लाख की कीमत के मोबाइल और अन्य सामान तथा नकदी को उड़ा लिया है। मामले में दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में दुकानदार राज ने कहा कि सोमवार रात्रि को चोरों ने दुकान के ताले तोड़कर डेढ़ लाख के मोबाइल और अन्य सामान पर हाथ साफ कर लिए हैं। दुकानदार का कहना है कि मंगलवार सुबह जब दुकान खोलने के लिए दुकान में पहुंचा तो ताले टूटे हुए थे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। दुकान से दर्जनों मोबाइल, मेमोरी कार्ड, पैन ड्राइव तथा नकदी पर शातिरों ने हाथ साफ कर लिए थे। दुकान मालिक के अनुसार चोरी हुए सामान की कीमत लगभग डेढ़ लाख के आसपास है। उधर, डीएसपी सरकाघाट कर्ण गुलेरिया ने कहा कि दुकान के मालिक की तरफ से चोरी होने की सूचना मिली है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द आरोपी गिरफ्त में होंगे।