कुड़वार (सुल्तानपुर)। देसी शराब के सेल्समैन की पिटाई कर एक युवक ने बुधवार की दोपहर पांच हजार रुपये छीन लिया। दुकान के लाइसेंसी ने आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मामला स्थानीय थाना क्षेत्र के सोहगौली गांव से जुड़ा है।
कुड़वार थाना क्षेत्र के सोहगौली गांव में संतोष यादव की देसी शराब की दुकान है। दुकान पर राधेश्याम प्रजापति सेल्समैन है। आरोप है कि बुधवार की दोपहर कालू का पुरवा निवासी श्याम बहादुर उसकी दुकान पर पहुंचा और राधेश्याम की पिटाई कर गल्ले में रखा पांच हजार रुपये लूट लिया। सेल्समैन की सूचना के बाद पहुंचे संतोष यादव ने आरोपी श्याम बहादुर के खिलाफ थाने में तहरीर दिया है। इस बाबत एसओ अंजुल कुमार ने बताया कि उन्हें तहरीर मिली है। आरोपी पूर्व में संतोष यादव की दुकान पर सेल्समैन था।