मुड़हा गांव में चोरी से बिजली का कॉमर्शियल इस्तेमाल कर रहे सगे भाइयों ने पावर कॉर्पोरेशन के एसडीओ से न केवल अभद्रता की बल्कि दो लाइन मैनों की जमकर पिटाई कर दी। एसडीओ ने घटना की सूचना पुलिस को देकर मदद मांगी। थोड़ी देर में पहुंची पुलिस को देखते ही दोनों भाई फरार हो गए।
एसडीओ ने घटना की तहरीर थाने में दी है। कादीपुर विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ धर्मराज बुधवार की दोपहर लाइन मैन महेंद्र प्रताप व अमरजीत के साथ मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के मुडहा मजरे ढेमा विद्युत चोरी की जांच करने पहुंचे थे।
गांव निवासी दो सगे भाइयों ने तालाब के पास दो केवी का चोरी से मोटर लगा रखा था। एसडीओ ने तालाब के पास लगे मोटर को जब्त कर लिया तभी दोनों भाई वहां पहुंच गए। एसडीओ ने दोनों भाइयों से विद्युत चोरी की बात पूछी तो दोनों आगबबूला हो गए। एसडीओ के साथ दोनों भाइयों ने अभद्रता शुरू कर दी। एसडीओ को बचाने दौड़े लाइनमैन महेंद्र प्रताप और अमरजीत की दोनों भाइयों ने पिटाई शुरू कर दी।
एसडीओ ने घटना की सूचना मोतिगरपुर थाने की पुलिस को देते हुए मदद मांगी। सूचना के बाद मोतिगरपुर थाने की पुलिस गांव पहुंची लेकिन तब तक दोनों आरोपी फरार हो गए। एसडीओ ने आरोपी भाइयों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, विद्युत चोरी और जान से मारने की धमकी की तहरीर दी है। इस बाबत एसओ मोतिगरपुर वीरेंद्र यादव ने बताया कि उन्हें तहरीर मिली है। वे अभी काम के सिलसिले में बाहर हैं। थाने पहुंचते ही केस दर्ज किया जाएगा।