दरियापुर उपकेंद्र से शट डाउन लेने के बाद ट्रांसफार्मर का फाल्ट ठीक कर रहे एक संविदा कर्मी को करंट लग गया। करंट लगते ही वह नीचे गिर पड़ा। गंभीर हालत में अन्य कर्मी उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत से नाराज परिवारीजनों ने डाकखाना विद्युत उपकेंद्र पर ताला जड़कर प्रदर्शन किया। हालांकि पुलिस कर्मियों के आश्वासन के बाद लोग शांत हो गए।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के मरखापुर (देहली मुबारकपुर) निवासी रामदीन यादव (48) पावर कॉर्पोरेशन में संविदा कर्मी था। मंगलवार की सुबह रामदीन ड्यूटी पर सुल्तानपुर आया था। सुबह करीब साढ़े 10 बजे रामदीन अन्य कर्मियों के साथ कोतवाली देहात क्षेत्र के महानपुर गांव के पास ट्रांसफार्मर का फॉल्ट ठीक करने गया था। शट डाउन लेने के बाद करीब 11 बजे रामदीन पोल पर चढ़कर ट्रांसफार्मर ठीक कर रहा था।
इस बीच सप्लाई चालू हो गई और उसे करंट लग गया। करंट लगते ही रामदीन नीचे गिर पड़ा। अन्य कर्मचारी उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रामदीन की मौत से नाराज परिवारीजन डाकखाना स्थित विद्युत उपकेंद्र पहुंचे और गेट पर ताला जड़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिवारीजनों की मांग थी कि घटना में दोषी कर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए। उपकेंद्र पर ताला लगाने की सूचना के बाद पहुंची कोतवाली पुलिस ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया