दो दिनों से लापता विवाहिता का शव गांव के बाहर स्थित कुएं में पाया गया। परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
फैजाबाद जिले के खंडासा थाना क्षेत्र के पाकड़पुर गांव निवासी राम भारत विश्वकर्मा की पुत्री आरती (22) की शादी अमेठी जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मंगौली गांव निवासी जय बक्स विश्वकर्मा के बेटे दिलीप के साथ बीते 30 मई 2015 को हुई थी।
बीते 18 जून की सुबह आरती खेत के लिए निकली थी लेकिन वापस घर नहीं पहुंची। परिवारीजनों ने आरती की खोजबीन के बाद देर शाम थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। शनिवार की सुबह गांव में ही एक नलकूप के पास स्थित कुएं में आरती का शव पाया गया।
परिवारीजनों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने कुएं से शव को बाहर निकाला और उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।