जिम संचालक ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कराने वाली युवती को जान से मारने की धमकी दी है। जिम संचालक का धमकी भरा ऑडियो वायरल होने के बाद भी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। आरोपी ने युवती को चेतावनी देते हुए कहता है कि इंडिया में ऐसा कोई नहीं जो तुम्हे रुपये दिला सके। हां मैंने रुपये लिए हैं।
कोतवाली नगर क्षेत्र के विवेकनगर निवासी सतीश यादव सिविल लाइन में स्थित पीडब्ल्यूडी के पास जिम चलाता है। सिविल लाइंस के चर्च कंपाउंड निवासी शिक्षिका ऊषा तिवारी की पुत्री मार्टिना भी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व जिम सीखने जाती थी। मार्टिना का एटीएम गायब कर जिम संचालक सतीश यादव ने छह लाख रुपये बैंक के विभिन्न शाखाओं के एटीएम से निकाल लिया था।
मामले की जानकारी होने पर छह दिन पूर्व मार्टिना ने जिम संचालक सतीश यादव के खिलाफ कोतवाली नगर में धोखाधड़ी कर रुपये निकालने और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया था। बुधवार को जिम संचालक ने मार्टिना के मोबाइल पर फोन कर उसे धमकी दी। इस बाबत नगर कोतवाल वीपी सिंह ने बताया कि ऑडियो उपलब्ध होने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।