जयसिंहपुर ब्लॉक मुख्यालय के पास शुक्रवार की दोपहर बाद एक जीप अनियंत्रित होकर शारदा सहायक खंड-16 नहर में पलट गई। दुर्घटना में जीप का चालक पानी के तेज बहाव में डूब गया। सूचना के बाद पहुंचे कोतवाल ने पानी में उतरकर चालक को बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डीएम व सीओ भी घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने जीप को क्रेन की मदद से पानी से बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जीप में चार लोग सवार थे।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के डींगुरपुर बनकेगांव निवासी भगेलू पुत्र भूरे की बेटी खुशबू की शादी बीते छह जून को जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर गांव निवासी हृदयराम नट के बेटे मिट्ठू के साथ हुई थी। शुक्रवार को बेटी की चौथ लाने के लिए भगेलू के परिवारीजन जीप संख्या यूपी 66-9923 बुक कराकर सदरपुर आए थे। जीप चालक विजय पांडेय (40) पुत्र रामसुख निवासी अहदा थाना मोतिगरपुर सभी को सदरपुर गांव में हृदयराम के घर पहुंचाने के बाद हवा चेक कराने के लिए जयसिंहपुर बाजार गया था। दोपहर बाद करीब तीन बजे विजय पांडेय जीप लेकर वापस सदरपुर ब्लॉक मुख्यालय की तरफ शारदा सहायक खंड- 16 नहर की पटरी पकड़कर आ रहा था। तभी रेलिंग विहीन पुलिया से जीप अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी।
प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक चालक समेत जीप पर चार लोग सवार थे। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाल निर्भय सिंह पुलिस टीम के साथ नहर के पास पहुंच गए। निर्भय सिंह ने पानी में उतरकर जीप चालक विजय पांडेय को बचाने की कोशिश की लेकिन तब तक वह तेज बहाव में आगे निकल गया। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने रस्सी से जीप को बांध दिया है। नहर में लोगों के डूबने की सूचना पाते ही जिलाधिकारी हरेंद्रवीर सिंह, सीओ धर्मेंद्र सचान, क्षेत्रीय विधायक सीताराम वर्मा भी पहुंच गए।
जीप को बाहर निकालने के लिए मौके पर क्रेन बुलाया गया। उधर, नहर में जीप गिरने की सूचना के बाद भगेलू के परिवारीजन भी पहुंच गए। भगेलू के परिवारीजनों ने डीएम को बताया कि जीप में हवा डलवाने के लिए विजय ही अकेले गया था। पुलिस का भी मानना है कि जीप में सिर्फ चालक विजय पांडेय ही मौजूद था। उसकी तलाश के लिए गोताखोरों को बुलाया गया है। देर शाम टाटिया नगर से तीन मछुवारों को बुलाकर पानी में चालक की तलाश के लिए उतारा गया है।