स्थानीय थाने के माधपुर गांव के पास रविवार सुबह एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में कार सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पत्नी की हालत नाजुक देख ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है।
गौरीगंज थाने के चौक बाजार निवासी रुस्तम अपनी पत्नी रूबी के साथ कार से शनिवार को किसी वैवाहिक आयोजन में शामिल होने लखनऊ गए थे। कार्यक्रम से वापस आते समय जगदीशपुर-ढकवा मार्ग पर स्थित माधवपुर के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। दुर्घटना में रुस्तम व रूबी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने मामले की जानकारी परिवारीजनों व पुलिस को देते हुए घायलों को कार से बाहर निकाल कर एबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रूबी की हालत नाजुक देख ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया जबकि रुस्तम का इलाज चल रहा है। एसओ दीपेंद्र सिंह ने दुर्घटना होने की पुष्टि करते हुए बताया कि परिवारीजनों ने ट्रक चालक के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी है।