भादर/ छीड़ा (अमेठी)। रामगंज चौकी से चंद कदम की दूरी पर सशस्त्र बदमाशों ने इंडेन गैस एजेंसी के स्टोर कीपर की कनपटी पर पिस्टल सटाकर सवा लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया। गैस सिलेंडर लेने पहुंचे दो उपभोक्ताओं से भी बदमाशों ने दो हजार रुपये छीन लिए। घटना को अंजाम देने के बाद दो बाइकों पर सवार होकर बदमाश असलहा लहराते हुए फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के मंगरा गांव निवासी राजेंद्र दुबे इंडेन गैस एजेंसी के संचालक हैं। गैस एजेंसी का गोदाम रामगंज पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर स्थित है। मंगलवार की दोपहर बाद करीब दो बजे दो बाइकों पर सवार छह बदमाश गोदाम पर पहुंच गए। चार बदमाश बाइक से नीचे उतरे और गोदाम के स्टोर कीपर दिनेश सिंह की कनपटी पर पिस्टल सटा दिया। एक बदमाश ने दिनेश सिंह के पास रखे एक लाख 17 हजार रुपये से भरा बैग छीन लिया। इस दौरान गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे रमेश पांडेय निवासी कुतुबपुर से सात सौ रुपये और प्रशांत तिवारी निवासी अलहदादपुर से 14 सौ रुपये भी बदमाशों ने लूट लिया।
लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद चारों युवक गोदाम के बाहर स्टार्ट खड़ी बाइक पर बैठ गए और असलहा लहराते हुए फरार हो गए। लूट की वारदात के बाद दिनेश सिंह ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाते ही रामगंज चौकी इंचार्ज अरविंद तिवारी पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने पीड़ित स्टोर कीपर और उपभोक्ताओं से पूछताछ की। पुलिस ने संदिग्ध लोगों की तलाश के लिए क्षेत्र में घेराबंदी की लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा। इस बाबत एसओ रामराघव सिंह यादव ने बताया कि स्टोर कीपर की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है।