प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई जा रही सड़क के ठेकेदार से रंगदारी न मिलने पर शुक्रवार को बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। सड़क का काम पाई कंपनी के मैनेजर व साइट इंचार्ज समेत अन्य मजदूर जान बचाकर भाग खड़े हुए।
फायरिंग के दौरान ठेकेदार और मजदूरों की सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस कर्मी मूक दर्शक बने रहे। फायरिंग के बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए। सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जायजा लिया।
पुलिस फायरिंग में शामिल बदमाशों की धर-पकड़ के लिए घेराबंदी की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
कादीपुर विधानसभा क्षेत्र में बदली महाविद्यालय से अमरेथू डड़िया तक छह किलोमीटर तक की सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई जा रही है। सड़क के निर्माण का कार्य लखनऊ की बीई इंफ्राटेक कंपनी को मिला है। कंपनी के ठेकेदार सड़क का निर्माण करा रहे थे। बीते 15 मार्च को बदमाशों ने सड़क निर्माण कराने के एवज में कंपनी से रंगदारी मांगी थी।
रंगदारी नहीं मिलने पर बदमाशों ने सड़क का निर्माण कार्य बंद करा दिया था। कंपनी के मैनेजर शिवश्याम मिश्र की तहरीर पर कादीपुर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज किया गया था। 20 दिनों तक काम ठप होने की जानकारी के बाद डीएम ने कंपनी की साइट पर दो पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई थी। इसके बाद काम शुरू हो गया था।
शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे बाइक सवार दो युवक साइट पर पहुंचे और मजदूरों को काम बंद करने की धमकी दी। इसके बाद दोनों चले गए। उस समय मजदूरों ने काम बंद कर दिया। दोपहर करीब दो बजे कादीपुर कोतवाली में तैनात दो सिपाही साइट पर ड्यूटी करने पहुंचे तो एक बार फिर सड़क का निर्माण शुरू हो गया। करीब ढाई बजे एक बाइक पर सवार दो युवक मुंह ढक कर साइट पर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।