स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के गोसाईगंज बाजार में रविवार भोर ऑटो रिपेयर सेंटर व सिलाई-कढाई केंद्र में लगी आग से तीन बाइकों समेत साढ़े सात लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
थाना क्षेत्र संग्रामपुर के गांव रामगढ़ निवासी संदीप सिंह कोतवाली क्षेत्र के गोसाईगंज बाजार में स्थित रामजस मिश्र के मकान में ऑटो रिपेयर सेंटर चलाते हैं। शनिवार रात वे एक बाइक की मरम्मत करने के बाद वहीं सो गए। रविवार की भोर करीब पांच बजे दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जब तक संदीप को आग लगने का आभास हुआ, पूरी दुकान लपटों से घिर चुकी थी। संदीप हड़बड़ा कर दुकान से बाहर निकल आए।
उन्होंने गुहार लगानी शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे लेकिन आग की विकरालता देख बेबस हो गए। लोगों ने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। देखते ही देखते दुकान के बगल स्थित एक सिलाई-कढ़ाई सेंटर भी आग की चपेट में आ गया। आग से बाजार में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लोगों की मदद से आग को काबू किया।
आग से दुकान में रखी तीन बाइकें, मोबिल, ऑटो पार्ट्स जलकर नष्ट हो गए। आग से दुकान की छत भी दरक गई। सिलाई सेंटर का सारा सामान भी जलकर राख हो गया। दोनों दुकानदारों का मिलाकर करीब साढ़े सात लाख रुपये का नुकसान हुआ है।