कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के लोहरामऊ गांव निवासी श्यामलाल के कच्चे मकान के ऊपर से गुजरे तारों में शुक्रवार की दोपहर अचानक शार्ट सर्किट से चिंगारी निकलने लगी। चिंगारी छप्पर पर गिरने से श्यामलाल का मकान जलने लगा। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप धारण कर लिया।
आग ने श्यामलाल के पड़ोस के रमेश के कच्चे मकान को भी अपनी चपेट में ले लिया। लोहरामऊ गांव की बस्ती में लगी आग से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंच सकी। आग ने महेश व विजय के कच्चे मकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। चारों मकान आग की लपटों के बीच जलने लगे। इस दौरान घरों में रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।
ग्रामीणों की सूचना के बाद भी फायर ब्रिगेड काफी विलंब से पहुंची। ग्रामीणों व फायर ब्रिगेड की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह से आग पर काबू पाया जा सका। घटना में करीब दो लाख रूपये की संपत्ति के नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। फायर ब्रिगेड के विलंब से पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में रोष रहा। उधर मोतिगरपुरके श्रीरामपुर लमौली गांव निवासी रामकीरत यादव के कच्चे मकान में शुक्रवार की दोपहर करीब तीन बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। ग्रामीणों के अथक प्रयास के बाद किसी तरह से आग बुझाई जा सकी।
घटना में करीब 50 हजार रूपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। मोतिगरपुर थाने के ही अहिरौली गांव निवासी रज्जब अली के कच्चे मकान के बगल स्थित छप्पर में बिजली के तार की शार्ट सर्किट से आग लग गई। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया नगया।