गोसैसिंहपुर बाजार में शनिवार की रात आग लगने से चार दुकान और दो छप्पर जलकर राख हो गए। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। आग से तीन लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर कर्मी नहीं पहुंचे।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गोसैसिंहपुर बाजार में शेर बहादुर मौर्य की सब्जी की दुकान है। शनिवार की देर रात अचानक शेर बहादुर की दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने छोटेलाल चौरसिया के पान की गुमटी और राजू अग्रहरि के जनरल स्टोर को चपेट में ले लिया। ग्रामीण इसकी सूचना फायर कर्मियों को देते हुए आग बुझाने में जुट गए। इस दौरान आग की चपेट में बजरंगी जायसवाल की पान की गुमटी और राम सूरत व राजेश गौतम के छप्पर
भी आ गए। ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आग से करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि फायर कर्मी समय से पहुंचे होते तो आग पर जल्द काबू पाया जा सकता था।