अग्निशमन विभाग ने बुधवार को शहर को दो बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर अग्निशमन यंत्रों व अन्य उपायों की उपलब्धता की जांच की। जांच में दोनों प्रतिष्ठानों पर मानक के मुताबिक आग से बचाव के उपाय नहीं मिले। विभागीय अधिकारियों की कार्रवाई से प्रतिष्ठान संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
अग्निशमन विभाग ने बुधवार को व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर चेकिंग अभियान चलाया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी रवींद्र शंकर मिश्र के निर्देशन में अग्निशमन अधिकारी मनीराम सरोज, सत्य प्रकाश पांडेय, रमेश पांडेय, अयोध्या प्रसाद ने शहर के डीएम आवास के पास एक शॉपिंग कांपलेक्स में संचालित रेस्तरां की जांच की। जांच में वहां की व्यवस्था अग्निशमन विभाग के मानक के मुताबिक नहीं मिली। जांच टीम ने रेस्तरां के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण करते हुए रिपोर्ट तैयार की।
इसके बाद फायर ब्रिगेड टीम शहर के रोडवेज स्थित एक मॉल में जांच को पहुंची। वहां भी आग से बचाव के इंतजाम मानक के अनुरूप नहीं पाए गए। सुरक्षा व्यवस्था के बाबत जांच में मिली खामियों की रिपोर्ट तैयार की गई है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी रवींद्र शंकर मिश्र ने बताया कि जांच में खामियां मिली हैं। इसकी रिपोर्ट प्रशासनिक अधिकारियों को भेजी जाएगी।