अमेठी। प्राथमिक विद्यालय हथकिला में शनिवार को छात्रा की पिटाई मामले में पुलिस ने हेडमास्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हेडमास्टर ने भी छात्रा के पिता के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज कराया है।
अमेठी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय हथकिला में शनिवार को हेडमास्टर की पिटाई से बेहोश हुई कक्षा की छात्रा के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। घटना में शाम तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई थी। देर शाम छात्रा करिश्मा की दादी जगरानी ने कोतवाली पहुंचकर हेडमास्टर के खिलाफ तहरीर दी। इसकी जानकारी होने पर हेडमास्टर ने भी थाने पहुंचकर छात्रा के पिता पर स्कूल पहुंचकर मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की तहरीर दे दी। पुलिस ने देर रात जगरानी की तहरीर पर हेडमास्टर राकेश तिवारी के खिलाफ धारा 308 आईपीसी के तहत तो हेडमास्टर की तहरीर पर छात्रा के पिता सुनील के खिलाफ धारा 352, 332, 504 व 506 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर लिया। प्रभारी थानाध्यक्ष शत्रुघ्न यादव ने दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किए जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।