खेत की सिंचाई कर रहा एक किसान बृहस्पतिवार की सुबह टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना के बाद पहुंचे एसडीएम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों का आरोप है कि तीन दिन पूर्व आंधी-पानी के दौरान बिजली का तार टूटकर गिरा था, लेकिन उसे न ठीक किया गया और न ही सप्लाई बंद की गई।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के छावनी निवासी किसान सीताराम उर्फ सिताई (60) बृहस्पतिवार की सुबह खेत की सिंचाई कर रहे थे। तीन दिन पूर्व आई आंधी-पानी से बिजली का तार टूटकर खेत में गिरा था। खेत में गिरे तार की चपेट में आने से सीताराम को करंट लग गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर तक जब सीताराम घर नहीं पहुंचे तो परिवारीजन खेत के पास पहुंच गए।
खेत के पास सीताराम तार से चिपके हुए मिले। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही एसडीएम कादीपुर मोतीलाल सिंह पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। एसडीएम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने एसडीएम को बताया कि तीन दिन से बिजली का तार टूटकर गिरा है। इसकी सूचना पावर कॉपोरेशन के अधिकारियों को दी गई लेकिन न तार जोड़ा गया और न ही बिजली की सप्लाई बंद की गई। जिसकी वजह से किसान सीताराम की मौत हो गई। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।