टांडा-बांदा हाईवे पर बृहस्पतिवार की सुबह बारातियों से भरी एक जीप खड्ड में पलट गई। दुर्घटना में छह बच्चों समेत 12 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्रौढ़ समेत तीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से तीनों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया है। दुर्घटना की वजह जीप की ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।
फैजाबाद जिले के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के खजुरहट रामनगर से बुधवार को एक बारात दोस्तपुर थाना क्षेत्र के गौसैसिंहपुर गांव गई थी। बृहस्पतिवार की सुबह बारातियों से भरी जीप वापस खजुरहट रामनगर लौट रही थी। रास्ते में गोसाईगंज थाना क्षेत्र के पकड़ीपुर गांव के पास अचानक जीप का ब्रेक फेल हो गया। रफ्तार तेज होने की वजह से जीप सड़क किनारे खड्ड में पलट गई।
दुर्घटना में जीप पर सवार नेहा (14) पुत्री शिवराम, सचिन (11) पुत्र अरविंद, सीमा (13), मनीषा (14), रूपा (15) पुत्री संतराम, अलका (12) पुत्री राम सुमिरन, अंजनी (18) पुत्र शिवराम, शिवराम (40) पुत्र राम प्यारे, राधेश्याम (52), अमरनाथ (34) व जीप चालक सीताराम (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी कूरेभार पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राधेश्याम, सीताराम और अमरनाथ को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। तीनों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।