दुर्घटना में घायल बहन को देखने के लिए साइकिल से अपनी सहेली के साथ अस्पताल जा रही युवती से एक शोहदे ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। दोनों युवतियां छेड़छाड़ का विरोध करते हुए शोहदे से भिड़ गईं। इससे गुस्साए शोहदे ने दोनों युवतियों पर तेज रफ्तार बाइक चढ़ा दी। बाइक की टक्कर से दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने घायल युवतियों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल युवती के भाई की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती की शादी दोस्तपुर थाना क्षेत्र में हुई है। दो दिन पूर्व वह सड़क दुर्घटना में घायल हो गई थी। उसे देखने के लिए उसकी बहन अपनी सहेली के साथ शुक्रवार की दोपहर साइकिल से उसकी ससुराल जा रही थी। दोनों तदीपुर गांव के पास पहुंची थीं तभी बाइक सवार एखलाक उर्फ दिलदार दोनों पर फब्तियां कसने लगा। दोनों सहेलियां इसका विरोध करते हुए एखलाक से भिड़ गईं। उस समय तो एखलाक बाइक लेकर आगे बढ़ गया लेकिन कुछ समय बाद युवतियों के पास वह फिर पहुंचा और तेज रफ्तार बाइक साइकिल पर चढ़ा दी।
बाइक की टक्कर से साइकिल सवार युवतियां गिर पड़ीं। इसके बाद भी एखलाक ने दोनों पर बाइक चढ़ा दी। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों को देखकर आरोपी फरार हो गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायल युवतियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस बाबत एसओ दोस्तपुर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि युवती के भाई की तहरीर पर आरोपी एखलाक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।