अंब (ऊना)। नैहरियां के समीप परचून से लदा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ट्रक के आगे अचानक लावारिस गाय आ जाने के चलते ट्रक चालक अपना नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते उक्त हादसा हुआ। इसमें ट्रक चालक-परिचालक बाल बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार उपमंडल अंब के तहत राष्ट्रीय उच्च मार्ग 3 पर शुक्रवार सुबह चंडीगढ़ से पालमपुर के लिए परचून की सप्लाई लेकर जा रहा ट्रक सड़क किनारे की नाली में टायर आ जाने के चलते एक ओर पलट गया। गनीमत यह रही कि उस वक्त सामने से काई अन्य वाहन नहीं आया। अन्यथा कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
अंब के थाना प्रभारी ओम प्रकाश ठाकुर ने बताया कि चंडीगढ़ से पालमपुर के लिए जा रहे ट्रक की दुर्घटना के संबंध में सूचना पर पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। ट्रक चालक मान चंद पुत्र सीताराम निवासी चौहाणा घुमारवीं बिलासपुर का कहना है। ट्रक के आगे लावारिस गाय आ जाने के चलते उक्त हादसा हुआ है।