अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र निर्गत करवाने के लिए संघर्षरत धनगर समाज रविवार को एक बार फिर सड़क पर उतर आया। शहर में बैठक कर रणनीति तय करने के बाद प्रदर्शनकारी गौरीगंज रेलवे स्टेशन पहुंचे और मालगाड़ी रोककर हंगामा काटा। करीब पांच मिनट तक ट्रेन को रोककर हंगामा काटने के बाद समाज के लोगों ने मांगें पूरी नहीं होने पर दोबारा प्रदर्शन का अल्टीमेटम दिया।
कोर्ट की ओर से जारी आदेश व शासनादेश के बावजूद जिले में धनगर समाज के लोगों को अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र निर्गत नहीं करने से नाराज समाज के लोग रविवार को पुन: सड़क पर उतर आए। समाज के लोगों ने जिलाध्यक्ष बाबूलाल पाल की अगुवाई में शहर के जामों तिराहे पर बैठक कर प्रमाणपत्र निर्गत नहीं होने तक सरकार से आर-पार की लड़ाई व प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया। बैठक के बाद जुलूस की शक्ल में निकले धनगर समाज के लोगों ने गौरीगंज रेलवे स्टेशन पर मुगलसराय से आ रही मालगाड़ी को रोककर हंगामा शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कोर्ट के आदेश व सरकार की ओर से जारी शासनादेश के बावजूद प्रमाणपत्र निर्गत नहीं करके जिला प्रशासन मनमानी कर रहा है। समाज के लोगों ने सभी तहसीलों में अनुसूचित जाति प्रमाणपत्र निर्गत नहीं होने तक प्रदर्शन जारी रखने का अल्टीमेटम दिया। इस मौके पर धनगर समाज के कोषाध्यक्ष गिरजेश पाल, जिला संगठन मंत्री रामसुंदर, रामनरेश पाल, अर्जुन प्रसाद, स्वामी शंकर, अखिलेश व भोलानाथ सहित कई लोग मौजूद रहे।