कार्तिक पूर्णिमा पर कड़े मानिकपुर गंगा स्नान जा रहे थे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली बुधवार भोर प्रतापगढ़ के थाना लालगंज के रामपुर बावली के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को लालगंज सीएचसी पहुंचाया जहां एक महिला की मौत हो गई।'
चिकित्सकों ने चार की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य दस घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है। दुर्घटना की जानकारी होते ही सोनारी कनू गांव में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र संग्रामपुर के गांव सोनारी कनू के करीब 30 ग्रामीण मंगलवार रात एक ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार होकर कार्तिक पूर्णिमा स्नान करने कड़े मानिकपुर जा रहे थे।
बुधवार भोर करीब साढ़े चार बजे ट्रैक्टर ट्रॉली प्रतापगढ़ जिले के कोतवाली लालगंज क्षेत्र के रामपुर बावली मोड़ के पास पहुंची ही थी कि अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार माता प्रसाद की पत्नी देव कुमारी (60), माधुरी पत्नी हरीश प्रसाद (40), किशुन पुत्र लकी (7), राजकुमारी पत्नी सुखराम (55), अनीता पुत्री सुखराज (15), राज कुमारी पांडेय पत्नी विजय (56), पार्वती (35), संजीव पांडेय (22), केशा देवी (35), सोनू (25), प्रेमा (34), आरती (20), निशा (35), आदर्श (08) व विजयपाल पांडेय (70) गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस सभी घायलों को लालगंज सीएचसी ले गई, जहां चिकित्सकों ने देव कुमारी को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने माधुरी, लकी, राजकुमारी और अनीता की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल प्रतापगढ़ रेफर कर दिया। अन्य दस घायलों का इलाज सीएचसी लालगंज में चल रहा है। दुर्घटना की सूचना ट्रॉली पर सवार अन्य लोगों ने ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही गांव से काफी संख्या में लोग दुर्घटना स्थल को रवाना हो गए। दुर्घटना को लेकर गांव में कोहराम मचा है।