बहराइच। शहर के मोहल्ला कानूनगोपुरा निवासी मेडिकल व्यवसायी के घर का ताला तोड़कर चोरों ने मंगलवार रात नगदी और जेवरात समेत दो लाख की संपत्ति पार हाथ साफ कर दिया।
घटना की रात परिवार के लोग चाचा के घर धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इस मामले में कोतवाली पर तहरीर दी गई है।
कोतवाली नगर क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला कानूनगोपुरा निवासी पंकज कुमार श्रीवास्तव दवा व्यवसायी हैं। पंकज ने बताया कि वह दो वर्ष से मोहल्ला निवासी शोभित सिन्हा के मकान में किराये पर रह रहे हैं।
मंगलवार रात चाचा के घर धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन था। उसी में शामिल होने के लिए परिवार के लोग गए हुए थे। घर पर ताला लगा था।
सुनसान का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी तोड़कर लगभग 50 हजार रुपये नगदी, सवा लाख के जेवरात, कपड़ा व अन्य कीमती सामान चुरा ले गए। सुबह घर लौटने पर सभी को घटना की जानकारी हुई।
इस मामले में कोतवाली में पंकज ने तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र वर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करेंगे। हालांकि, शहर में हुई वारदात से आसपास के लोग दहशत में हैं।