उपासना एक्सप्रेस के इंजन के अगले हिस्से में एक युवती का क्षत-विक्षत शव फंसा देखा गया। ड्राइवर ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
मंगलवार की सुबह उपासना एक्सप्रेस लंभुआ स्टेशन से चली। इस दौरान ट्रेन के इंजन के आगे के शेड में फंसा हुआ एक महिला का शव ट्रेन के ड्राइवर ने देखा। ड्राइवर ने इसकी सूचना कंट्रोल रुम को दी। कंट्रोल रूम की सूचना के बाद ट्रेन सुल्तानपुर स्टेशन पहुंची, जहां जीआरपी एसओ दिनेश कुमार ने इंजन के अगले शेड में फंसे शव को निकलवाया। मृतका की आयु 30 वर्ष बताई जा रही है।
उसके सिर और अंग क्षत-विक्षत हो चुके थे। मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। घटना के बाद जीआरपी ने लंभुआ स्टेशन तक ट्रैक का निरीक्षण किया हालांकि कोई भी सुराग नहीं मिल सका। थानाध्यक्ष ने बताया कि लगता है कि महिला ट्रेन के आगे कूद गई होगी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।