घर से निकले एक युवक की धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी गई। घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में शनिवार सुबह शव पाए जाने से परिवार में कोहराम मच गया। हत्या का खुलासा करने की मांग को लेकर परिवारीजन उग्र हो गए तब एसडीएम ने घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया।
पुलिस ने पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। एक युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कोतवाली देहात क्षेत्र में ग्राम उतुरी निवासी दलित दिलीप कुमार (23) पुत्र राम उजागिर शुक्रवार रात घर में बैठा था तभी उसके मोबाइल फोन पर एक कॉल आई। फोन पर बात करने के बाद वह बाहर निकल गया।
रात भर दिलीप वापस घर नहीं लौटा तो परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन पता नहीं चला। शनिवार सुबह घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित खेत में दिलीप का लहूलुहान शव पाया गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। खेत पहुंचे दिलीप के भाई जगदीश व पिता ने शव की शिनाख्त की।
दिलीप की गला रेतकर हत्या की गई थी। हत्या से नाराज परिवारीजन उग्र हो गए और शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इंकार कर दिया। इसकी सूचना पर सदर एसडीएम रतिभान वर्मा गांव पहुंचे। एसडीएम के समझाने पर परिवारीजन शव का पोस्टमॉर्टम कराने के लिए तैयार हो गए।
एसडीएम ने बताया कि पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। उधर पुलिस एक युवती को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। दलित राम उजागिर के तीन बेटों में दिलीप मझला था। सबसे बड़ा बेटा जगदीश और छोटा मंजीत है।