पापर शाहपुर हरिवंश गांव में सोमवार की सुबह एक दलित युवती का शव बिस्तर पर पाया गया। युवती के चेहरे व शरीर पर जख्म थे। कमरे की कुंडी बाहर से बंद थी। घर से करीब दो सौ मीटर दूर स्थित खेत में खून के छींटे पाए गए । सूचना के बाद एसपी फॉरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। युवती के साथ रेप के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के पापर शाहपुर हरिवंश गांव निवासी दलित सतीराम को आवासीय भवन मिला है। कमरे के बाहर सतीराम ने छप्पर रखकर बरामदा बनाया है। रविवार की रात करीब 10 बजे सतीराम की 20 वर्षीय बेटी सोनी कमरे में अकेली लेटी थी जबकि उसका भाई रविशंकर (18) बरामदे में पिता व मां के साथ लेटा था। सोमवार की सुबह परिवारीजन सोकर उठे तो कमरे में बाहर से कुंडी लगी देखी।
परिवारीजनों ने खिड़की से अंदर झांका तो कमरे में बिस्तर पर सोनी मृत पड़ी थी। यह देख घर वालों के पैरों के नीचे की जमीन खिसक गई। परिवारीजन अंदर घुसे तो सोनी के चेहरे व शरीर पर जख्म थे। देखते ही देखते ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद एसपी विनय कुमार यादव, एएसपी प्रद्युम्न सिंह, सीओ लंभुआ पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस के अधिकारियों ने सतीराम के घर के आस-पास जांच शुरू की।
पोस्टमार्टम से साफ होगी स्थिति: एसपी
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार यादव ने कहा कि मौत का कारण स्पष्ट नहीं लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वजह साफ होगी। युवती के घर वाले भी इस संबंध में कुछ कहने से बच रहे हैं।