उडनदस्ता मजिस्ट्रेट ने मंगलवार को केवलापुर गांव में छापा मारकर 32 साइकिलें, 489 साड़ियां और बड़ी संख्या में पैंट-शर्ट और कुर्ता पाजामा के कपड़े बरामद किए हैं। आरोपी परिवहन मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति का करीबी बताया जा रहा है। उड़नदस्ता मजिस्ट्रेट की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया है।
चुनाव आयुक्त से किसी ने मंगलवार को कोतवाली क्षेत्र के गांव केवलापुर निवासी हरीश यादव के घर में बड़ी संख्या में चुनाव के दौरान मतदाताओं को वितिरत किए जाने के लिए साइकिलें रखी जाने की शिकायत की थी। शिकायत के बाद चुनाव आयुक्त के निर्देश पर अमेठी के रिटर्निंग ऑफिसर अशोक कनौजिया, उडनदस्ता मजिस्ट्रेट नीरज प्रजापति, सीओ जीडी मिश्र, प्रभारी निरीक्षक आरके प्रसाद ने भारी पुलिस फोर्स के साथ केवलापुर गांव में छापा मारा।
छापेमारी के दौरान हरीश यादव के घर से 32 साइकिलें, 160 कुर्ता-पाजामा, 240 पैंट-शर्ट के कपड़े, कार्टून में रखीं 489 साड़ियां बरामद हुईं। टीम ने बरामद सामग्री को कोतवाली लाकर सील कर दिया। उड़नदस्ता मजिस्ट्रेट नीरज प्रजापति की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने हरीश यादव के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।