कांग्रेस नेता अनूप पाठक की कैटरिंग की दुकान पर मंगलवार दोपहर कुछ युवकों ने तोड़फोड़ कर दी। इसके अलावा वे वहां पर पड़ी नगदी भी चुरा कर ले गए। आसपास के दुकानदारों ने भागते हुए आरोपियों में से एक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
हमलावर जिस बाइक पर आए थे, पुलिस ने उसे दुकान के बाहर से बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जालंधर सेंट्रल विधानसभा में पड़ते वार्ड नंबर 29 के कांग्रेस नेता अनूप पाठक ने कहा कि उनकी थाना नंबर तीन के सामने कैटरिंग की दुकान है। यहां पर उनका छोटा भाई मनु पाठक और भतीजा शिवम पाठक बैठा हुआ था।
इस दौरान दोपहर के समय चार-पांच लोगों ने आकर झगड़ा करने लगे। दुकान में पड़े सामान को तोड़ने के साथ नगदी तक चुरा ले गए। लुटेरे वारदात को अंजाम देकर भाग ही रहे थे कि आसपास के दुकानदारों ने एक को काबू कर लिया। पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। थाना नंबर चार की पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है।