बगाही गांव में ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रहा एक बालक रविवार सुबह विद्युत पोल के स्टे रॉड में उतर रहे करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसका छोटा भाई बाल-बाल बच गया। बालक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना को लेकर ग्रामीणों में पावर कॉॅर्पोरेशन के खिलाफ रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार स्टे रॉड में उतर रहे करंट की सूचना अधिकारियों को दी गई, लेकिन किसी ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
बल्दीराय थाना क्षेत्र के मखाना गांव निवासी विश्राम मौर्य का बेटा विशाल (12) व राजा मौर्य (11) जगदीशपुर थाना क्षेत्र में स्थित बगाही गांव में नाना गंगादीन मौर्य के घर पर रहकर पढ़ाई करते थे। रविवार की सुबह विशाल अपने छोटे भाई राजा के साथ खेत जा रहा था। रास्ते में विद्युत पोल के स्टे रॉड में करंट उतर रहा था। विशाल करंट की चपेट में आ गया। करंट से विशाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजा बाल-बाल बच गया।
राजा ने घर पहुंचकर परिवारीजनों को इसकी जानकारी दी। परिवारीजन और ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के खिलाफ विरोध जताया। ग्रामीणों ने कहा कि कई दिनों से विद्युत पोल के स्टे रॉड में करंट उतर रहा है। इसकी शिकायत कई बार जेई से की गई, लेकिन फॉल्ट दुरुस्त नहीं किया गया। यही फॉल्ट विशाल की मौत की वजह बन गया।