एसपी आफिस के बाहर धरना लगाए कमेटी सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला
बीते 12 मार्च को रेभा गांव में लगे विद्युत कैंप के दौरान अधिवक्ता और जेई विवाद मामले में पुलिस ने अधिवक्ता की तहरीर पर भी केस दर्ज कर लिया है। जेई ने पहले ही अधिवक्ता के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
विद्युत उपकेंद्र पीठीपुर पर तैनात जेई वीएन चौहान की अगुवाई में बीते 12 मार्च को कोतवाली क्षेत्र के गांव रेभा में विद्युत कैंप का आयोजन किया गया था। इसी दौरान गांव निवासी अधिवक्ता राम प्रताप यादव व जेई से कहासुनी व हाथापाई हुई थी। कोतवाली पुलिस ने उसी दिन जेई की तहरीर पर अधिवक्ता समेत कई ग्रामीणों पर केस दर्ज कर लिया था।
अधिवक्ता राम प्रताप ने भी कोतवाली पुलिस को तहरीर दी थी लेकिन उनका मुकदमा नहीं दर्ज हुआ था। इसकी जानकारी होने पर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिवक्ताओं ने सर्वसम्मति से अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर जाने का निर्णय लिया था।
अधिवक्ताओं ने बृहस्पतिवार को कोतवाली का घेराव भी किया था। अधिवक्ताओं के दबाव को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने जेई वीएन चौहान समेत पांच अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।