फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

27 के खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस

Fri, 20 Nov 2015 10:43 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अमेठी
विज्ञापन
विज्ञापन
बीते डीडीसी व बीडीसी चुनाव में आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामलों की अनदेखी करने वाली पुलिस ग्राम प्रधान के चुनाव सख्ती पर उतर आई है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को सभी थाना क्षेत्रों में 27 प्रत्याशियों के खिलाफ आदर्श चुनाव आचार संहिता का केस दर्ज किया है। एसपी ने संबंधित मामलों की चार्जशीट भेजने के आदेश दिए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से ग्राम पंचायत प्रधान/सदस्य पद का चुनाव लडने वालों में हड़कंप मचा है।
विज्ञापन



आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पुलिस ने सख्त रवैया अख्तियार किया है। एसपी हीरालाल के आदेश पर जिले की सभी थानों की पुलिस ने बृहस्पतिवार को आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामलों को चिह्नित करने के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आचार संहिता उल्लंघन के 27 मामले मिले।

एसपी के आदेश पर आचार संहिता उल्लंघन के सभी मामलों की वीडियोग्राफी कराने के बाद संबंधित के खिलाफ केस दर्ज कराए गए। एसओ की तहरीर पर दर्ज कराए गए केस में बाजार शुकुल व जायस थाने में एक-एक, मुंशीगंज, गौरीगंज, जगदीशपुर व मोहनगंज थाने में दो-दो, मुसाफिरखाना, पीपरपुर और फुरसतगंज में तीन-तीन तथा संग्रामपुर और शिवरतनगंज थाने में चार-चार मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस की ओर से शुरू हुए अभियान और पहले ही दिन एक साथ बड़े पैमाने पर हुई इस कार्रवाई से ग्राम पंचायत प्रधान/सदस्य पद का चुनाव लडने वालों में हड़कंप मचा है।
विज्ञापन


इनके खिलाफ दर्ज हुई प्राथमिकी
आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के मामले में जिन लोगों पर केस दर्ज हुआ है उसमें मुंशीगंज थाने के गरथोलिया निवासी रामनाथ कश्यप व वीर बहादुर, मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र के भीखीपुर निवासी इंतिजार अहमद, पलिया पूरब निवासी चिंतामणि व लक्ष्मी देवी शामिल हैं। इसी तरह गौरीगंज थाने में इटौजा पश्चिम निवासी कमलानंद मिश्र व शिवश्याम विश्वकर्मा, बाजारशुक्ल थाने के तातारपुर निवासी यतमाद हुसैन, संग्रामपुर थाने के गोवर्धनपुर निवासी गीता उपाध्याय, भवसिंहपुर की कुसुम सिंह, जोगी जीत का पुरवा की श्यामा सिंह व तिहैतनपुर की वंदना सिंह, पीपरपुर थाने में पीपरपुर निवासी पांचूपाल व मो. शाहिद, नरबहनपुर के राजेंद्र यादव, जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मोहनगंज निवासी मो. शफी खां, टांडा निवासी पूनम यादव, जायस थाने में निजाम पाकर निवासी जयप्रकाश तिवारी, मोहनगंज थाने में भिलाईकलां निवासी मकसूद व शारदा, शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के गांव दिलावरगढ़ की फातिमा बानो, जेहटा उसरहा के आशुतोष, मेराज अहमद और संजय शुक्ल तथा फुरसतगंज थाने के निगोहा की रामावती, सरोज और बकरीदन शामिल हैं।

दाखिल होगी चार्जशीट : एसपी
पुलिस अधीक्षक हीरालाल ने सभी थानाध्यक्षों को उन सभी के खिलाफ चार्जशीट अदालत में भेजने का निर्देश दिया है जिनके खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है। एसपी ने कहा कि आचार संहिता उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी चलता रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें