लंभुआ (सुल्तानपुर)। सरेशाम बाइक सवार दो युवकों ने तमंचे के जोर पर दुकान में घुसकर किराना व्यवसायी से 35 हजार रुपये लूट लिया। सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस ने घेराबंदी की लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस घटना के पीछे पैसे के लेन-देन का विवाद बता रही है।
लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के ब्लॉक रोड पर मोहम्मद माजिद किराना स्टोर की दुकान करते हैं। सोमवार की शाम एक बाइक पर सवार दो युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और तमंचा निकालकर व्यवसायी पर सटा दिया। दूसरे युवक ने गल्ले में रखा 35 हजार रुपये निकाल लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवक तमंचा लहराते हुए फरार हो गए। इस बाबत इंस्पेक्टर लंभुआ हरिशंकर तिवारी ने बताया कि लूट की वारदात नहीं हुई है। घटना के पीछे पैसे के लेन-देन का विवाद प्रकाश में आया है।